
फर्रुखाबाद | 30 मई 2025
आज जनपद फर्रुखाबाद दौरे पर पहुँचीं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की प्रमुख विशेष सचिव सुधा वर्मा। उन्होंने जिले में विभागीय कार्यों की स्थिति का जायज़ा लिया और जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक कर अहम निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले निरीक्षण भवन पहुंचकर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की। इसके बाद दोपहर 1:40 बजे वह सीधे डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड (पोषण पुनर्वास केंद्र) पहुँचीं, जहाँ उन्होंने भर्ती बच्चों को पोषण किट, फल और उनकी माताओं को साड़ी वितरित की।
निरीक्षण के दौरान सुधा वर्मा ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एनआरसी वार्ड की दीवारों पर उखड़ती पुट्टी और पेंट की स्थिति देखकर सीएमएस से सवाल करते हुए कहा, “क्या यहां कभी झाड़ू नहीं लगती? यह पेंट और पुट्टी उखड़ क्यों रही है? मरम्मत क्यों नहीं करवाई गई?”
सुधा वर्मा ने भर्ती बच्चों की माताओं और दादियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने यह भी पूछा कि उन्हें समय से भोजन, दवाइयाँ और अन्य जरूरी सेवाएं मिल रही हैं या नहीं।
निरीक्षण और वितरण कार्यक्रम के बाद विशेष सचिव तुरंत अस्पताल से रवाना हो गईं।
यह पूरा मामला कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल का है।